मुंबई। मुंबई सीएसटी स्टेशन के पास अचानक गुरुवार शाम को साढ़े सात बजे पुल गिर गया। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 34 लोग घायल हुए।
मृतकों की पहचान अपूर्वा प्रभू(35), जाहिद शिराज खान(32) व रंजना तांबे(40) के रूप में हुई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच कर बचाव कार्य में जुटी है।
जानकारी के अनुसार मुंबई सीएसटी स्टेशन से टाइम्स ऑफ इंडिया एवं अंजुमन स्कूल को जोड़ने वाले हिमालया पादचारी पुल के बीच का हिस्सा आज शाम साढ़े 7 बजे अचानक गिर गया।
शाम का समय होने की वजह से पुल पर से गुजरने वाले लोगों की संख्या ज्यादा थी। हादसे में घायल हुए लोगों को नजदीकी सेंट जार्ज अस्पताल और जीटी अस्पताल पहुंचाया गया। सेंट जार्ज अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ मधुकर गायकवाड़ ने बताया कि अस्पताल में 23 लोगों का इलाज किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि यह पुल ब्रिटिशकाल में बनाया गया था। पुल की देखरेख की जिम्मेदारी मुंबई महानगर पालिका के पास थी।
