कोरोना हालात का जायजा लेने पश्चिम बंगाल पहुंची अंतर मंत्रालयी केंद्रीय टीम ने उत्तर बंगाल में कोरोना रोकथाम के लिये पर्याप्त प्रशासनिक इंतजाम नहीं किये जाने की बात कही है।
शनिवार को उत्तर बंगाल का दौरा कर रही आईएमसीटी की टीम ने राज्य के मुख्य सचिव राजीव सिन्हा के नाम एक चिट्ठी लिखी है जिसमें उत्तर बंगाल में कोरोना रोकथाम के लिए निगरानी व्यवस्था में खामियां होने का दावा किया है। इसके साथ ही लॉकडाउन पालन कराने के लिए और अधिक प्रशासनिक सख्ती बरतने का सुझाव दिया गया है।
कोलकाता पहुंची आईएमसीटी टीम के लीडर अपूर्व चंद्र लगातार मुख्य सचिव राजीव सिन्हा को चिट्ठी लिखकर राज्य में तमाम अव्यवस्थाओं का जिक्र कर उनमें सुधार का सुझाव देते रहे हैं।
अब शनिवार को लिखी चिट्ठी में उन्होंने लिखा है कि उत्तर बंगाल के विभिन्न अस्पतालों, बाजारों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर और अधिक निगरानी बढ़ाने की जरूरत है। संक्रमण रोकथाम और लोगों को लॉकडाउन की पाबंदियों का पालन कराने के लिए सरकार की व्यवस्थाएं अपर्याप्त हैं। इसे दुरुस्त किए जाने चाहिए।
