कोलकाता। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने खड़गपुर में दूसरी चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया है कि लोकसभा का चुनाव संपन्न हो जाने के बाद केंद्र में नई सरकार बनेगी और उसका नेतृत्व ममता बनर्जी करेंगी।
खड़गपुर के तालबगीचे में तृणमूल के उम्मीदवार मानस भुइयां के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने के लिए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू पहुंचे हुए थे।
नायडू ने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में यूनाइटेड इंडिया का गठन हुआ है और केंद्र में ममता बनर्जी के नेतृत्व में यूनाइटेड इंडिया की सरकार बनेगी। जब वह चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे तब तृणमूल के उम्मीदवार मानस उनके पास बैठे हुए थे। ममता बनर्जी मौजूद थीं। चंद्रबाबू नायडू के बाद उन्होंने भी जनसभा को संबोधित किया।
ममता बनर्जी ने कहा कि हमलोगों ने मिलकर एक संयुक्त गठबंधन बनाया है इसी गठबंधन की सरकार हमलोग बनाएंगे। हमारा लक्ष्य देश की रक्षा करना है, नए भारत का निर्माण करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश की सभी संवैधानिक व्यवस्थाओं को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को राजनीतिक तौर पर दफन करना जरूरी है नहीं तो देश में कुछ भी नहीं बचेगा।
खड़गपुर में बड़ी संख्या में दक्षिण भारत के लोग रहते हैं। उन्हें उनकी भाषा में संबोधित करते हुए चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तानाशाही की वजह से ना केवल सीबीआई और ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियां बल्कि चुनाव आयोग का भी बेजा इस्तेमाल किया जा रहा है। विपक्ष के सभी नेता नरेंद्र मोदी की राजनीतिक हिंसा के शिकार हैं।
नायडू के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए ममता ने कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी नहीं जीतेगी। बंगाल सहित कई राज्य ऐसे होंगे जहां भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलेगी। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री ने मेदिनीपुर में एक रोड शो भी किया जिसमें हजारों लोगों से मिली हैं।
