कांग्रेस नेता राकेश सिंह गिरफ्तार

कोलकाता

कोलकाता। शुक्रवार देर रात पुलिस की टीम ने कोलकाता के मटियाब्रुज इलाके के कांग्रेस नेता राकेश सिंह को चारों तरफ से घेर कर गिरफ्तार किया हैै। रात 1:00 बजे के करीब राकेश सिंह अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे।

उसी समय कोलकाता पुलिस के लालबाजार स्थित मुख्यालय से तीन गाड़ियों में सवार गुंडा दमन शाखा की टीम ने उनकी गाड़ी को चारों ओर से घेर लिया था और घर में घुसने से पहले ही रोक कर गिरफ्तार कर लिया।

उन्हें गिरफ्तार करने के पहले उनकी गाड़ी और पुलिस की गाड़ी के बीच रेस लगी थी। हालांकि उन्हें ले जाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए थे और पुलिस को रोकने की कोशिश में जुट गए थे लेकिन लोगों की कोशिश सफल नहीं हो सकी क्योंकि पुलिस भी पहले से चाक-चौबंद थी और अतिरिक्त संख्या में जवानों की तैनाती कर दी थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक करीब 10 दिन पहले राकेश सिंह ने सोशल साइट पर पुलिस को जमकर गालियां दी थी। उसके बाद वह लापता हो गए थे। बाद में पता चला था कि वह बंगाल छोड़कर दूसरे राज्य में चले गए थे। इस बीच लगातार पुलिस उनकी खोज में लगी हुई थी। रात 1:00 बजे के करीब उनकी कोलकाता वापसी के बारे में पुख्ता सूचना मिली जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार करने के लिए टीम पहले से तैयार थी और उन्हें दबोच लिया गया है।

हालांकि सिंह की गिरफ्तारी के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में लोगों को एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करने की आशंका के मद्देनजर अतिरिक्त संख्या में पुलिस की तैनाती पूरे मटियाब्रुज क्षेत्र में कर दी गई है।

Share from here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *