कोलकाता। कोलकाता के पोर्ट इलाके के कांग्रेस नेता राकेश सिंह ने आखिरकार भाजपा का दामन थाम लिया है। सोमवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के महासचिव सायंतन बसु और अन्य नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी का दामन थामा है।
इस बारे में राकेश सिंह ने बताया कि वह 17 साल तक कांग्रेस में रहे और कांग्रेस के लिए लगातार तृणमूल से लड़ते रहे। पुलिस ने उनके खिलाफ अनगिनत मामले दायर किया है, लेकिन पार्टी ने उन्हें कोई मदद नहीं दी। यहां तक कि उनके घर वालों पर भी केस दर्ज होने लगे हैं लेकिन पार्टी की ओर से उन्हें ना तो मदद मिल रही है और ना ही समर्थन इसीलिए उन्होंने भाजपा का दामन थामा है।
उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि केवल भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल की हिंसा से मुकाबला कर सकती है। सिंह ने कहा कि हिंदी भाषी होने के नाते उन्हें काफी परेशान किया गया है। राकेश ने कहा कि वह एक साधारण कार्यकर्ता की तरह भाजपा को मजबूत बनाने में जी जान से कोशिश करेंगे।
