कोलकाता। उल्टाडांगा के बाद अब बाघाजतिन फ्लाईओवर में भी दरारेें पायी गई हैं। सोमवार रात 10 बजे से मंगलवार सुबह 6:30 बजे तक फ्लाईओवर को बंद रखकर कोलकाता मेट्रो डेवलपमेंट अथॉरिटी (केएमडीए) के अधिकारियों ने समीक्षा की। इस दौरान कई जगहों पर दरार नजर आई है। अधिकारियों ने दरार वाली जगह को रेखांकित कर दिया है, हालांकि अभी इस पर यातायात जारी है लेकिन केएमडीए सूत्रों के हवाले से खबर है कि जल्द ही यहां से गाड़ियों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी।
अधिकारियों ने फ्लाईओवर में दरार मिलने के बाद उसकी क्षमता, इस पर पड़ने वाले भार और अन्य क्षमता को आंका है। अभी इसके ऊपरी हिस्से की माप बाकी है। उसकी समीक्षा किए जाने के बाद ही इस पर यातायात जारी रखने अथवा बंद करने का निर्णय लिया जाएगा। हालांकि केएमडीए सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि जितनी अधिक संख्या में दरारें मिली हैं वह चिंताजनक है। जल्द मरम्मत नहीं हुई तो बड़ी दुर्घटना घट सकती है। फ्लाईओवर के नीचे बड़ी संख्या में फुटपाथी कारोबारी बैठते हैं। उन्हें दूसरी जगह जाने के लिए कह दिया गया है। मंगलवार रात को एक बार फिर यातायात बंद कर उपरी हिस्से की समीक्षा की जाएगी।
