sunlight news

विधानसभा चुनाव से पहले कोलकाता नगर निगम के चुनाव की संभावना नहीं – फिरहाद हकीम

कोलकाता
पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता नगर निगम में मार्च महीने में चुनाव कराने के अपने फैसले को रद्द कर दिया है। राज्य सचिवालय सूत्रों ने यह पुष्टि की है कि विधानसभा चुनाव संपन्न होने से पहले कोलकाता नगर निगम में चुनाव की कोई संभावना नहीं बची है। 
कोलकाता के प्रशासक और राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि केंद्रीय चुनाव आयोग ने मार्च महीने में ही विधानसभा चुनाव कराने के संकेत दिए हैं। ऐसे में उसी महीने में कोलकाता नगर निगम चुनाव की कोई संभावना नहीं बची है।
चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार अगर फरवरी महीने में विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी हो जाएगी तो बंगाल में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी और उसके मुताबिक राज्य के सारे प्रशासनिक अधिकारी केंद्रीय चुनाव आयोग के अधीनस्थ हो जाएंगे। इसके अलावा कोलकाता नगर निगम में चुनाव कराने के लिए मतदान कर्मी भी उपलब्ध नहीं होंगे। इसलिए सरकार ने मार्च में कोलकाता नगर निगम के चुनाव को टाल दिया है।
Share from here