कोलकाता। चक्रवाती तूफान फानी के चलते मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए कोलकाता के एयरपोर्ट से विमानों की उड़ान सेवा शुक्रवार शाम तीन बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक निरस्त रहेगी। एयरपोर्ट के निदेशक कौशिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मौसम के ताजा हालात को देखते हुए शुक्रवार रात 09:30 बजे के बजाय शाम 03:00 बजे से ही एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन बंद कर दिया जाएगा, जो शनिवार सुबह आठ बजे तक जारी रहेगा।
शनिवार सुबह आठ बजे के बाद अगर मौसम सामान्य रहा और विमान परिचालन लायक हालात बने तो विमान सेवा शुरू की जाएगी।
निदेशक ने बताया कि गुरुवार की बैठक में शुक्रवार रात 09:30 बजे के बाद एयरपोर्ट पर विमानों की उड़ान बंद रखने का निर्णय किया गया था। इस वजह से सुबह की उड़ान को देरी के चलते शाम का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन अब इन उड़ानों को भी रद्द कर दिया गया है। यात्रियों को ईमेल और एसएमएस के माध्यम से यह जानकारी दे दी गई है।
