bharat ratna to pranab mukherjee, bhupen hajarika, nanaji deshmukh

राष्ट्रपति ने नानाजी देशमुख, भूपेन हजारिका और पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी को भारत रत्न से नवाजा

देश

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरुवार को सामाजसेवी और जनसंघ के नेता नानाजी देशमुख (मरणोपरांत), प्रख्‍यात गायक, संगीतकार व गीतकार भूपेन हजारिका (मरणोपरांत) और पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ प्रदान किया। राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति कोविंद ने सर्वप्रथम नानाजी की तरफ से विरेन्द्र जीत सिंह को और डॉ. भूपेन हजारिका की ओर से उनके पुत्र तेज हजारिका को यह पुरस्कार प्रदान किया। इसके बाद पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी को भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत रत्न से सम्मानित होने वाली तीनों शख्सियतों के सम्मान में किया था ट्वीट

उल्लेखनीय है कि भारत का यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह सर्वोच्च स्तर की राष्ट्रीय सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इस बार इन सम्मानों की घोषणा की गई थी। उस समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत रत्न से सम्मानित होने वाली तीनों शख्सियतों के सम्मान में ट्वीट किया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने नानाजी देशमुख को सच्चे अर्थों में भारत रत्न का हकदार बताते हुए कहा था कि ग्रामीण विकास के लिए नानाजी देशमुख के महत्वपूर्ण योगदान ने हमारे गांवों में रहने वाले लोगों को सशक्त बनाने के एक नए प्रतिमान की राह दिखाई। वह पिछड़ों के प्रति विनम्रता, करुणा और सेवा का भाव रखते थे। वह सही मायनों में भारत रत्न हैं।

भूपेन दा को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा था कि भूपेन हजारिका के गीत और संगीत पीढ़ियों से लोगों द्वारा सराहे जाते हैं। उनसे समाज में न्याय, सौहार्द और भाईचारे का संदेश जाता है। उन्होंने विश्व स्तर पर भारत की संगीत परंपराओं को लोकप्रिय बनाया।

पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि वह एक उत्कृष्ट राजनेता हैं। उन्होंने दशकों तक देश की निस्वार्थ और अथक सेवा की है, जिससे देश के विकास पथ पर एक मजबूत छाप छोड़ी गई है। उनके ज्ञान और बुद्धिमत्ता के समान कुछ ही प्रतिभाएं हैं।

अलंकरण समारोह में उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा केंद्रीय मंत्री रविशरंकर प्रसाद, डा. हर्षवर्धन, प्रकाश जावडे़कर, जेपी नड्डा, रमेश पोखरियाल निशंक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।

Share from here