Advertisement

बारिश का कहर, मुंबई-पुणे और कल्याण में दीवार गिरने से 21 लोगों की मौत

अन्य

मुंबई। महाराष्ट्र में बारिश ने कहर बरपाया हुआ है। पिछले चार-पांच दिनों से हो रही भारी बारिश ने महाराष्ट्र में जहां कई जाने ले लीं, वही राज्य की रफ्तार को भी धीमा कर रखा है। सोमवार देर रात भी मुंबई के मलाड, ठाणे जिले के कल्याण और पुणे के सिंहगढ़ कॉलेज के पास दीवार गिरने से 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल(एनडीआरएफ) और स्थानीय प्रशासन की मदद से बचाव कार्य जारी है। मलाड के पिंपरीपाड़ा हादसे के मृतकों को सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की मदद की घोषणा की गई है। साथ ही लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने मुंबई, नवी मुंबई औऱ ठाणे जिले के स्कूलों-कॉलेजों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।

Advertisement

heavy rain maharashtra

जनजीवन प्रभावित

राज्य में लगातार हो रही बारिश ने जहां जनजीवन प्रभावित किया है, वहीं दीवार ढहने, करंट लगने की घटनाओं में राज्य में अब तक 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार देर रात मलाड के पिंपरीपाडा झोपड़पट्टी में दीवार ढहने से 13 लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हुए। घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कल्याण में तीन लोगों की मौत

वहीं ठाणे जिले के कल्याण में नेशनल ऊर्दू स्कूल की दीवार ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई। दीवार के पास झोपड़ी में रहने वाली दो महिलाएं और एक तीन वर्षीय बच्ची की मौत हुई। जबकि हादसे में 16 वर्षीय किशोरी घायल है। कल्याण डोंबिवली महानगर पालिका प्रशासन और स्थानीय पुलिस की ओऱ से बचाव कार्य किया जा रहा है। मृतकों में शोभा कांबले(60), करीना मोहम्मद चांद(25) और हुसैन मोहम्मद चांद(3) शामिल हैं, जबकि आरती राजू कर्डिले(16) घायल है, जिसे रुक्मिणीबाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भारी बारिश से दीवार गिरने की तीसरी घटना पुणे के वडगांव बुद्रुक स्थित सिंहगढ़ कॉलेज परिसर की है। यहां कॉलेज की एक दीवार ढहने से छह मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और एक बच्चा शामिल हैं। बीते शनिवार पुणे के कोंढवा इलाके में तालाब मस्जिद के पास दीवार के गिरने के हादसे में 17 लोगों की जान गई थी।

दो जुलाई को सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान

उल्लेखनीय है कि भारी बारिश का आलम यह है कि सड़कें जलमग्न हैं, जिससे राज्य की रफ़्तार धीमी हो गई है। कई जगह रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है, जिससे ट्रेनें धीरे चल रही हैं और कई को रद्द कर दिया गया है। भारी बारिश का असर उड़ानों पर भी पड़ा है। मौसम विभाग ने अभी पांच जुलाई तक ऐसे ही बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश से बिगड़ते हालातों को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने दो जुलाई मंगलवार को सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान किया है।

Share from here
Please Help Save Daughter Priyanka Kumari