भारत और ऑस्ट्रेलिया के बिच होने वाले तीसरे एकदिवसीय के लिए महेंद्र सिंह धोनी के होमग्राउंड रांची पर जब आज टीम इंडिया उतरी तो नजारा कुछ अलग ही था। ऐसा नजारा क्रिकेट के मैदान पर कभी शायद ही देखने को मिला होगा। दरअसल, टॉस से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ियों को महेंद्र सिंह धोनी ने camouflage कैप दी। टॉस के समय कप्तान विराट कोहली ने आर्मी कैप पहनी हुई थी।
टॉस के समय सीओए की सदस्य और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व खिलाड़ी डायना इडुल्जी ने महिला दिवस के मौके पर मैच रैफरी को सिक्का प्रस्तुत किया।
भारतीय टीम इस मैच में सेना के सम्मान में सेना जैसी कैप पहन कर उतर रही है। यह बीसीसीआई द्वारा शुरू की गई मुहिम का हिस्सा है जिसके तहत वह हर साल एक मैच में सेना जैसी कैप पहन कर उतरेगी। रिपोर्ट्स की माने तो, यह सुझाव महेंद्र सिंह धोनी ने ही बीसीसीआई को दिया था। इसकी शुरुआत इस मैच से हो रही है जो आगे भी जारी रहेगी।
इस मैच में टीम इंडिया के खिलाड़ी पुलवामा शहीदों के परिवार को मैच फीस देंगे। टॉस के दौरान कोहली ने बताया कि टीम इंडिया इस मैच की फीस पुलवामा हमले में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों की मदद के लिए डोनेट करेगी। बता दें कि धोनी प्रादेशिक सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल भी है।
इससे पहले बीसीसीआई ने भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को भारतीय जर्सी समर्पित की थी।
