breaking news

पिता को विपक्ष का राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाने पर बोले बेटे और भाजपा सांसद जयंत सिन्हा – मैं अपनी पार्टी का एक प्रतिबद्ध कार्यकर्ता हूं

देश

एनडीए और विपक्ष दोनों ने ही राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। एनडीए ने झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाया है तो वहीं विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और टीएमसी नेता रहे यशवंत सिन्हा को कैंडिडेट बनाया है। साल 2018 तक यशवंत सिन्हा भाजपा में थे लेकिन इसके बाद उन्होंने टीएमसी का दामन थाम लिया था। उनके बेटे जयंत सिन्हा भाजपा सांसद हैं। उन्होंने कहा, मैं अपनी पार्टी का एक प्रतिबद्ध कार्यकर्ता हूं और एक सांसद के तौर पर अपने कर्तव्यों का पालन करूंगा।

सिन्हा ने कहा, विपक्ष की ओर से भारत के राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मेरे आदरणीय पिता जी यशवंत सिन्हा जी को प्रत्याशी घोषित किया गया है। मेरे पास बहुत सारे लोगों के फोन आ रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं यही निवेदन करूंगा कि इस समय आप एक पुत्र के रूप में न देखें, इसे एक पारिवारिक मामला न बनाएं। मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं और हजारीबाग से सांसद हूं। मैं अपने संवैधानिक दायित्व को समझता हूं और पूरी तरीके से इसे निभाऊंगा।

Share from here