breaking news

पार्क स्ट्रीट से लापता व्यवसायी का झारखंड से मिला खून से लथपथ शव

कोलकाता

महानगर के पार्क स्ट्रीट से लापता एक व्यवसायी का शव झारखंड के जामताड़ा जिले से बरामद किया गया। खून से लथपथ व्यवसायी का शव एक सूनसान जगह पर पड़ा था। उसके परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है। न्यू मार्केट थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

पुलिस के मुताबिक, व्यवसायी का नाम मोहम्मद सैफ खान है। वह पार्क स्ट्रीट इलाके का रहने वाला था। वह पेशे से कंस्ट्रक्शन व्यवसायी था। उसका सूद का कारोबार भी था। ब्याज के पैसे लेने के लिए उसे विभिन्न जगहों पर आना-जाना पड़ता था। उसकी जेब से एक मोबाइल फोन, बाइक की चाबी और पांच हजार रुपये नकद मिले हैं। अब पुलिस के सामने यह सवाल खड़ा हो रहा है कि वह पार्क स्ट्रीट से झारखंड क्यों और कैसे गया? क्या उसकी हत्या की गई है? पुलिस इन प्रश्नों के जवाब खोजने में जुटी है। तेजी से मामले की जांच की जा रही है।

 

उसके परिजनों ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम को वह बाइक से अपने घर से निकला था। इसके बाद वह फिर नहीं लौटा। तब न्यू मार्केट थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद झारखंड से फोन आया कि उसका शव बरामद हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उसकी बाइक उसके घर से कुछ ही दूरी पर पार्क स्ट्रीट से मिली थी।

 

अब प्रश्न यह उठ रहा है कि वह झारखंड कैसे चला गया? कहीं उसका अपहरण तो नहीं किया गया था? पुलिस की जांच के अनुसार व्यापारी का मोबाइल कोना एक्सप्रेस-वे तक चालू था। इसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। झारखंड पुलिस ने पहले ही शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Share from here