sunlight news cpm congress

माकपा व कांग्रेस ने शुरू की गठबंधन की कवायद

बंगाल

कोलकाता। लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा होने के बाद आखिरकार पश्चिम बंगाल में भी माकपा और कांग्रेस ने संभावित गठबंधन पर बातचीत सोमवार को शुरू कर दी। माकपा के वरिष्ठ नेता रॉबिन देव और सुजन चक्रवर्ती ने कांग्रेस के सांसद प्रदीप भट्टाचार्य और विधानसभा में विपक्ष के नेता अब्दुल मन्नान से संभावित गठबंधन के बारे में आधिकारिक बातचीत की शुरुआत की है।

राज्य में दो सीटों पर माकपा का कब्जा है। एक सीट रायगंज की है और दूसरी मुर्शिदाबाद की है। रायगंज सीट पर मोहम्मद सलीम सांसद हैं, जबकि मुर्शिदाबाद सीट पर बदरुजमान खान सांसद हैं। इन दोनों सीटों पर माकपा ने उम्मीदवार उतार दिया है और कांग्रेस ने उम्मीदवार नहीं उतारने की घोषणा कर दी है। इसके अलावा राज्य में चार सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है। वहां से माकपा ने उम्मीदवार नहीं उतारने की घोषणा की है। कुल मिलाकर इन छह सीटों को छोड़ दिया जाए तो राज्य की 42 में से 36 सीटों पर गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है।

कांग्रेस सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि इनमें से 13 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ना चाहती है, जबकि बाकी 23 सीटों पर माकपा और वाम मोर्चा के घटक दल चुनाव लड़ सकते हैं। इस पर मंगलवार तक तस्वीर साफ हो सकती है। मंगलवार को कांग्रेस और माकपा के वरिष्ठ नेताओं के बीच इस मामले पर विस्तार से बातचीत हो सकती है। इसके बाद बुधवार को राज्य माकपा की बैठक होनी है, जिसमें गठबंधन के बारे में आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।

Share from here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *