kolkata-lalbazaar-abhiyan-by-bjp-against-violence-in-west-bengal

लालबाज़ार अभियान- भाजपा के मार्च पर पुलिस का लाठीचार्ज

कोलकाता

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी के लालबाजार अभियान के दौरान कोलकाता में पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष की शुरुआत हो गई। बुधवार अपराह्न 1:30 बजे के करीब हजारों की संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता सुबोध मालिक स्क्वायर पर एकत्रित होकर लालबाजार पुलिस मुख्यालय की ओर बढ़ रहे थे। पहले से सतर्क पुलिस ने बीबी गांगुली स्ट्रीट पर बैरिकेडिंग कर दी‌ थी, जिसके बाद हाथापाई की परिस्थिति बन गई थी।बाद में स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया।

भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश में लग गए जबकि पुलिसकर्मियों ने इन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग के पीछे चेन बनाकर इन्हें पीछे धकेलना शुरू कर दिया। इसके बाद हाथों में झंडा बैनर लिए हुए भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेडिंग को तोड़ने की कोशिश करने लगे। कई कार्यकर्ता तो बैरिकेडिंग पर भी चढ़ गए थे लेकिन बाद में उस तरफ मौजूद पुलिस ने उन्हें सुरक्षित उतरने दिया।

उधर पुलिस ने इन पर पानी के तेज फव्वारे (वाटर केनन) छोड़े जिसकी वजह से भाजपा कार्यकर्ता तितर-बितर होने लगे लेकिन बाद में फिर एकत्रित होकर बैरिकेडिंग को तोड़ने की कोशिश करने लगे। बीबी गांगुली स्ट्रीट पर सड़क किनारे से मौजूद खाली जगह में भाजपा कार्यकर्ता घुसने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने जबरदस्ती खदेड़ा। कुछ जगहों पर लाठीचार्ज भी करना पड़ा है।

ममता बनर्जी के इशारे पर हो रही है भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या : अर्जुन सिंह

पश्चिम बंगाल में एक के बाद एक भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या पर बैरकपुर से नवनिर्वाचित सांसद अर्जुन सिंह ने बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि सत्ता में बने रहने के लिए बेताब ममता बनर्जी के इशारे पर राज्य भर में निर्मम तरीके से हिंसा फैलाई जा रही है। मुख्यमंत्री लोगों को हिंसा करने के लिए उकसा रही हैं।

उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की घृणा फैलाने वाली और विभाजनकारी राजनीति को बंगाल के लोगों ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। मालदा जिले में भाजपा कार्यकर्ता की झुलसी हुई लाश बरामद होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हर दिन भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की खबरें बंगाल के प्रत्येक हिस्से से आ रही हैं। घटना की तस्वीरें और वीडियो प्रकृति में इस तरह के हिंसक और अमानवीय हैं कि इसे हममें से ज्यादातर लोग नहीं देख सकते हैं। राज्य भर में हर जगह चर्चा सिर्फ क्रूरता और अराजकता के बारे में हो रही है। यह अधिक दिनों तक चलने वाला नहीं। यह तृणमूल के शासन का अंत होने का संकेत है।

Share from here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *