Advertisement

कोलकाता- युवक को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

कोलकाता

कोलकाता। कोलकाता में बदमाशों ने थाने से चंद मीटर की दूरी पर शुक्रवार तड़के सरेआम एक युवक को गोली मार दी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
राजाबाजार मोड़ पर आचार्य प्रफुल्ल चंद्र रोड और केशव चंद्र स्ट्रीट के क्रॉसिंग स्थल पर बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। पीड़ित की पहचान यासिर मुस्तफा (25) के तौर पर हुई। उसके बाएं हाथ में गोली लगी है। वह नील रतन सरकार(एनआरएस) अस्पताल में उपचाराधीन है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक यासिर मुस्तफा मूलरूप से नारकेलडांगा नॉर्थ रोड का रहने वाला है। वारदात के समय वह कहीं से घर लौट रहा था। तभी उक्त जगह पर चार लोगों ने उसे घेर लिया। किसी बात को लेकर इन लोगों में विवाद होने लगा, जिसके बाद एक व्यक्ति ने बंदूक निकाल कर उसपर फायरिंग कर दी। गोली उसके बाएं हाथ में लग गई। इधर फायरिंग की आवाज सुनने के बाद आस-पास के घरों के लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो गए। खून से लथपथ हालत में लोगों ने यासिर को एनआरएस अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद अहमर्स्ट स्ट्रीट थाने को सूचना दी गई। घटना में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित यासिर ने उनमें से अधिकतर आरोपितों की पहचान कर ली है। सीसीटीवी फुटेज देखकर आरोपित को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। कोलकाता पुलिस की खुफिया शाखा भी मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share from here
Please Help Save Daughter Priyanka Kumari