दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का 98 साल की उम्र में निधन हो गया है। बुधवार को दिलीप कुमार ने मुंबई के हिंदूजा अस्पताल में आखिरी सांस ली। दिलीप कुमार लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे, इस बीच कई बार मुंबई में उन्हें अस्पताल में भी भर्ती करवाया गया था। ऐसे में बुधवार की सुबह 7.30 बजे दिलीप कुमार ने दुनिया को अलविदा कहा।
दिलीप कुमार के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक प्रकट किया है। एक ट्वीट में मोदी ने कहा, “दिलीप कुमार जी को एक सिनेमाई लीजेंड के रूप में याद किया जाएगा। उन्हें असामान्य प्रतिभा मिली थी, जिसकी वजह से उन्होंने कई पीढ़ियों के दर्शकों को रोमांचित किया। उनका जाना हमारी सांस्कृतिक दुनिया के लिए एक क्षति है। उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति संवेदना।” पीएम मोदी ने दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो से फोन पर बात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
