कोलकाता। देश के बहुचर्चित चंद्रयान-2 मिशन को लेकर ममता बनर्जी ने विवादित बयान दिया है। शुक्रवार को राज्य विधानसभा में केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि चंद्रयान-2 महज देश की आर्थिक आपदा से देशवासियों का ध्यान भटकाने की कोशिश है। केंद्र सरकार चंद्रयान-2 मिशन को लेकर इस तरह से प्रचार कर रही है जैसे देश में इससे पहले कभी अंतरिक्ष अभियान हुआ ही नहीं हो।
देशभर में जो आर्थिक आपदा छाई हुई है उसे छिपाने की कोशिश की जा रही है
ममता ने कहा कि देश में आर्थिक संकट पर जो विवाद उपजा हुआ है उसे छिपाने के लिए केंद्र सरकार चंद्रयान-2 के प्रचार-प्रसार के लिए बढ़-चढ़कर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देशभर में जो आर्थिक आपदा छाई हुई है उसे छिपाने की कोशिश की जा रही है। चंद्रयान-2 के चांद पर लैंड करने के कुछ घंटे पहले ममता बनर्जी के इस बयान के कारण उनकी चौतरफा निंदा हो रही है। सोशल साइट पर लोग उनकी खूब खिंचाई कर रहे हैं। इसे लेकर भाजपा ने भी ममता पर हमला बोला है।
पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा है कि ममता का काम हर चीज पर राजनीति करना है। उन्हें देश के विकास, उपलब्धि या देश भर को गौरवान्वित करने वाली चीजों से कोई लेना-देना नहीं है। मेनन ने एक ट्वीट में लिखा कि चंद्रयान-2 प्रोजेक्ट की तैयारी शुरू हुई 2007 में, प्रोजेक्ट लांच हुआ 22 जुलाई 2019 को लेकिन ममता जी के अनुसार मोदी जी ने आर्थिक आपदा से ध्यान भटकाने के लिए योजना 12 साल पहले ही बना लिया था। वाह ममता जी वाह!
उल्लेखनीय है कि चंद्रयान-2 की लैंडिंग को लेकर पूरा देश उत्साहित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को चंद्रयान-2 की लैंडिंग का साक्षी बनने की अपील की है। दरअसल भारत पहला ऐसा देश होगा जो चांद के लूनर साउथ पोल पर उतरेगा। मध्य रात्रि में 1:30 से 2:20 बजे के बीच लैंडर चंद्रमा की सतह को छूने वाला है। लैंडिंग के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी इसरो में मौजूद रहेंगे।