पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ईश्वर चंद्र विद्यासागर की नई प्रतिमा का अनावरण मंगलवार को कोलकाता के कॉलेज स्क्वायर में किया है। यहां विद्यासागर कॉलेज के पास स्थित हेयर स्कूल ग्राउंड में मूर्ति अनावरण कार्यक्रम का आयोजन राज्य के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से किया गया था जिसमें मुख्यमंत्री को प्रतिमा के अनावरण के लिए आमंत्रित किया गया था।
मंगलवार दोपहर बांग्ला फिल्म जगत और राज्य मंत्री मंडल के कई दिग्गज मंत्रियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने संगमरमर से बनी ईश्वर चंद्र विद्यासागर की प्रतिमा का अनावरण किया । इस दौरान उन्होंने भाजपा पर भी हमला बोला। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने ही लोकसभा चुनाव के दौरान विद्यासागर की मूर्ति तोड़ी थी।
उल्लेखनीय है कि 19 मई को अंतिम चरण के मतदान से पहले 14 मई को कोलकाता में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का रोड शो आयोजित किया गया था। उनके काफिले के कॉलेज स्क्वायर के पास से गुजरने के दौरान विद्यासागर कॉलेज के अंदर से पथराव होने पर काफिले में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं और कॉलेज के अंदर छिपे बैठे तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई थी। उसी दौरान यहां स्थापित ईश्वर चंद्र विद्यासागर की मूर्ति भी तोड़ दी गई थी। इसे लेकर दोनों पार्टियां एक दूसरे पर आरोप लगाते रहे हैं। भाजपा ने राज्य सरकार को घटना का सीसीटीवी फुटेज जारी करने की चुनौती दी थी लेकिन राज्य सरकार ने अभी तक इसे जारी नहीं किया है।
