कोलकाता। बुधवार रात बांग्लादेश की राजधानी ढाका के चौक बाजार स्थित एक अपार्टमेंट में आग लगने से हुई 69 लोगों की मौत पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख व्यक्त किया है। गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस बारे में ट्वीट किया। इसमें उन्होंने कहा ‘बांग्लादेश में भीषण आग के कारण लोगों की मौत के बारे में जानकार दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’
उल्लेखनीय है कि पुराने ढाका के एक केमिकल वेयरहाउस में आग लग गई थी। वेयरहाउस भी अपार्टमेंट में स्थित था। लपटें जल्द ही नजदीकी घरों में फैल गईं। हादसे में लगभग 41 लोग घायल हुए हैं जिसमे बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दमकल अधिकारी का प्राथमिक अनुमान है कि आग गैस सिलेंडर के फटने से लगी है। सिलेंडर में लगी आग केमिकल के कंटेनर तक पहुंची, जहां उसने भीषण रूप ले लिया।इससे पहले 2010 में भी ढाका में भीषण आग लगी थी। उस हादसे में 120 लोगों की मौत हुई थी।
