Advertisement
nitesh-rane-leads-mob-to-throw-mud-on-engineer-tie-him-up-as-punishment

कांग्रेस विधायक नितेश राणे ने इंजीनियर पर फेंका कीचड़, पुल से बांधा

अन्य

मध्य प्रदेश में भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र एवं विधायक आकाश विजयवर्गीय द्वारा नगर निगम के एक अफसर की बैट से पिटाई का मामला अभी पूरी तरह से शांत भी नहीं हुआ कि अब महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के पुत्र एवं कांग्रेस विधायक नितेश राणे द्वारा एक सरकारी इंजीनियर के साथ दुर्व्यवहार करने का वीडियो सामने आया है।

Advertisement

इस वीडियो में विधायक नितेश और उनके समर्थकों ने गुरुवार को एक सरकारी इंजीनियर के साथ सवाल-जवाब किये और फिर कीचड़ डाला और बाद में उसे कणकवली इलाके में एक पुल से बांध दिया। सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में विधायक नितेश को अपने समर्थकों के साथ इंजीनियर प्रकाश शेडेकर को मुंबई-गोवा राजमार्ग के पास एक पुल पर सवाल-जवाब करते हुए देखा गया।

बताया जा रहा है कि नितेश मुंबई-गोवा हाइवे पर निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे थे। कणकवली में क्षतिग्रस्त सड़कों के निरीक्षण के दौरान बहुत सारे गड्ढे मिलने पर वह नाराज हो गए, जिसके बाद यह घटना हुई।

कुछ साल पहले नितेश राणे और उनके तीन समर्थकों को महाराष्ट्र सीमा पर टोल बूथ के अधिकारियों की पिटाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस समय टोल के पैसे मांगने पर यह झगड़ा हुआ था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।

गौरतलब है कि पिछले महीने वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय ने मध्य प्रदेश के इंदौर में क्रिकेट बैट से नगर निगम के एक अधिकारी के साथ मारपीट की थी। अधिकारी को सिर में चोटें आईं और आकाश को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

Share from here
Please Help Save Daughter Priyanka Kumari