NRS – आरजी कर अस्पताल में हुई लिफ्ट दुर्घटना के बाद अब कोलकाता के एक और प्रमुख सरकारी अस्पताल एनआरएस की व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।
NRS
अस्पताल के मेडिसिन विभाग के सीसीयू की छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर गया, जिससे लोग डर गए।
यह घटना एनआरएस अस्पताल की यूएनबी (UNB) बिल्डिंग की छठी मंजिल पर स्थित सीसीयू में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के वक्त सीसीयू में 12 मरीज भर्ती थे।
छत का हिस्सा गिरने से वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि कोई भी मरीज इसकी चपेट में नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया।
छत का हिस्सा इतनी तेजी से गिरा कि सीसीयू के फर्श में भी दरारें आ गई हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एनआरएस अस्पताल अधिकारियों ने तुरंत एक्शन लिया है।
सीसीयू में भर्ती सभी 12 मरीजों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त सीसीयू में फिलहाल नए मरीजों की भर्ती पूरी तरह से बंद कर दी गई है।
अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जब तक लोक निर्माण विभाग (PWD) मरम्मत का काम पूरी तरह खत्म नहीं कर देता, तब तक इस सीसीयू को दोबारा नहीं खोला जाएगा।
