कोलकाता। बिधाननगर नगर निगम के पूर्व मेयर और तृणमूल के विधायक सब्यसाची दत्त भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले हैं। एक अक्टूबर यानी मंगलवार को अमित शाह के कोलकाता में उपस्थिति के दौरान ही सब्यसाची दत्त भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लेंगे। नेताजी इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ही विधायक दत्त को अमित शाह भाजपा का झंडा थमाएंगे। मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मुकुल रॉय की उपस्थिति भी रहेगी।
खबर है कि दत्त के साथ उनके कई समर्थक भाजपा में शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि इसी साल फरवरी महीने में सब्यसाची दत्त के घर मुकुल रॉय गए थे। तब लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर थी और तब से ही उनके भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। सब्यसाची दत्त तृणमूल में रहते हुए भी अपनी ही पार्टी की मुखिया ममता बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोल कर रखे थे। वह पार्टी की कार्यशैली और भ्रष्टाचारी नेताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे थे जिसके बाद उन्हें बिधाननगर नगर निगम के मेयर के पद से हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाया गया जिसके बाद उन्हें मेयर के पद से हटा दिया गया था।