कोलकाता। बांकुड़ा में प्रशासनिक बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने माकपा को लोभी करार दिया है। इसे लेकर माकपा विधायक दल के नेता सुजन चक्रवर्ती ने ममता पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री के पास अगर हिम्मत है तो वह अपने परिवार की संपत्ति का हिसाब दे दें।
सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि दरअसल ममता बनर्जी यह बात समझ गयी हैं कि अब उनकी विदाई का वक्त आ गया है। लोग तृणमूल का साथ छोड़ रहे हैं इसीलिए उल जलूल बयान ममता बनर्जी दे रही हैं। वह माकपा को लोभी बोल रही हैं। अगर हिम्मत है तो उनकी पार्टी के नेताओं की संपत्ति का हिसाब लोगों को दे दें।
तृणमूल के शासन के दौरान पार्टी के नेता किस तरह से संपत्तिवान हो गए हैं यह पूरे राज्य के लोग देख रहे हैं। सुजन ने कहा कि ममता बनर्जी बताएं कि उनके भतीजे की संपत्ति कितनी बढ़ी है। राज्य में एकमात्र भतीजे की संपत्ति ही बढ़ रही है और किसी की नहीं। मुख्यमंत्री के परिवार की क्या स्थिति है, यह भी सार्वजनिक तौर पर बताएं।
सुजन ने कहा कि ममता बनर्जी के हाथों में सत्ता है और उनके पास माकपा की संपत्ति का भी ब्यौरा है। अगर हिम्मत है तो सार्वजनिक करके देख लें। लोग समझ जाएंगे कौन झूठ बोल रहा है।
बांकुड़ा की सभा से ममता ने माकपा शासन के दौरान राज्य भर में राजनीतिक हत्याओं का जिक्र किया था। इसे लेकर पलटवार करते हुए सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि माकपा शासन के दौरान हत्याओं की जांच के लिए ममता बनर्जी ने 18 कमीशन का गठन किया है। उसकी रिपोर्ट कहां है? अगर उनमें साहस है तो उसे प्रकाशित करें। आज तो स्थिति इतनी बदतर है कि मां के सामने बेटे की हत्या की जा रही है। मुख्यमंत्री को इस बारे में बात करने का नैतिक अधिकार कहां है।