Advertisement

तीन माह तक कोरोना संक्रमण खत्म होने के आसार नहीं: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

कोलकाता

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य सचिवालय नवान्न में मीडिया से मुखातिब होकर कहा कि अभी 3 महीने तक कोरोना का संक्रमण थमने वाला नहीं है। इसीलिए राज्य प्रशासन को उन्होंने 15 मई तक कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया है।

Advertisement

रेड जोन यानी संक्रमण वाले इलाके को तीन भागों ए, बी और सी में बांटा जाएगा। जिन क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण सबसे ज्यादा है, उन्हें ए जोन में रखा जाएगा और वहां पूरी तरह से पाबंदी बरकरार रहेगी। बी और सी जोन में अगर लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हैं तो थोड़ी बहुत छूट मिल सकती है। उन्होंने पुलिस को 15 मई तक इसकी कार्य योजना तैयार करने को कहा है।

खुलेंगी खाने-पीने की दुकानें, चलेंगी बस और टैक्सी भी

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि खाने-पीने की दुकानें दोपहर 12:00 से शाम 6:00 बजे तक खुलेगी लेकिन घर ले जाकर ही खा सकेंगे।

जो ग्रीन जोन यानी ऐसे इलाके हैं जहां कोरोना का बिल्कुल संक्रमण नहीं है वहां बस और टैक्सी चल सकती है। सीएम ने बताया कि बुधवार को राज्य के परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी बैठक करेंगे जिसके बाद यात्री परिवहन के बारे में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

प्रवास से लौटे श्रमिकों को रोजगार देगी सरकार

मुख्यमंत्री ने बताया कि कोरोना की वजह से देश के दूसरे राज्यों में फंसने के बाद बंगाल लौट रहे लोगों को रोजगार की व्यवस्था भी सरकार की ओर से की जाएगी। मूल रूप से 100 दिनों के रोजगार योजना के तहत श्रमिकों को काम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुश्किल के समय में बंगाल सभी का ख्याल रखना जानता है।

किसानों को विशेष मदद मिलेगी

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने संकट की इस घड़ी में किसानों को विशेष तौर पर मदद की है। ममता ने दावा किया कि राज्य सरकार ने 11 लाख किसान क्रेडिट कार्ड को अनुमति दी है जिसके जरिए खेती-बाड़ी में सुविधाएं होंगी।

Share from here
Please Help Save Daughter Priyanka Kumari