sunlight news

वित्त मंत्री की तुलना जहरीले सांप से करने पर भड़की भाजपा

कोलकाता
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी द्वारा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की तुलना जहरीले सांप से किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी भड़की है। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने बनर्जी के इस बयान को बेतुका करार दिया।
घोष ने कहा कि ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के नेताओं से नियंत्रण खो दिया है और वे हताशा में ‘‘बेतुकी’’ बातें कर रहे हैं। घोष ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल की अध्यक्ष ममता बनर्जी का पार्टी के नेताओं पर नियंत्रण नहीं रहा है।
उन्होंने कहा कि तृणमूल में भ्रष्टाचार शीर्ष से लेकर निचले स्तर तक फैल गया है। वे लोग अंदरूनी झगड़े में उलझे हुए हैं और उनमें से कई सत्तारूढ़ दल में बने हालात से ध्यान भटकाने की खातिर बेसिर-पैर की बातें कर रहे हैं। घोष ने कहा कि ऐसी टिप्पणियों को हम अधिक महत्व नहीं देते हैं। वे हताशा में आकर ऐसी बेतुकी बातें कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि ईंधन की बढ़ती कीमतों और रेलवे के प्रस्तावित निजीकरण के खिलाफ शनिवार को बांकुड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए कल्याण बनर्जी ने सीतारमण के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि जिस तरह एक जहरीले सांप के काटने से इंसान मर जाता है, उसी तरह निर्मला सीतारमण की वजह से देश के लोग एक के बाद एक मर रहे हैं क्योंकि उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया है। 
Share from here