कोरोना महामारी को हराने के लिए चलाए गए टीकाकरण अभियान के आज एक साल पूरे हो गए। आज के ही दिन 16 जनवरी 2021 को देश में स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाए जाने की शुरुआत हुई थी।
इसके बाद से कोरोना टीके दिए जाने का सिलसिला लगातार जारी है। अबतक देश में वैक्सीन की 156 करोड़ से ज्यादा खुराक लगाई जा चुकी हैं। हालांकि अभी भी पूरी आबादी को टीका लगाने में बहुत समय लगेगा।
16 जनवरी 2021 को टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई थी। देश में अब तक 18+ की 87 करोड़ आबादी को पहली डोज लग चुकी है। यानी करीब 92 फीसदी आबादी को पहली डोज लग चुकी है।
वहीं करीब 65 करोड़ की आबादी को दोनों डोज लग चुकी हैं, यानी करीब 70 फीसदी लोगों को दोनों डोज लग गई है। देश में अब तक 15 से 18 साल की उम्र के करीब सवा तीन करोड़ बच्चों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। यानी करीब 41 फीसदी। इन बच्चों को अभी दूसरी डोज लगाई जानी बाकी है।