पश्चिम बंगाल में 27 मार्च को होने वाले पहले चरण के मतदान के लिए आज यानी मंगलवार को अधिसूचना जारी हो गई है। चुनाव आयोग की घोषणा के मुताबिक पहले चरण में राज्य के 30 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होंगे। इनमें पुरुलिया, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम और बांकुड़ा जिले शामिल हैं। पुरुलिया व झारग्राम की सभी विधानसभा सीटों के लिए मतदान होंगे जबकि पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर और बांकुड़ा की कुछ सीटों के लिए वोट पड़ेंगे।
पहले चरण में नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि नौ मार्च है और 10 मार्च तक नामांकन की स्क्रूटनी की जा सकेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 12 मार्च है।
पहले चरण में इन सीटों पर होगा मतदान
जिन 30 सीटों के लिए अधिसूचना जारी हुई है, वे हैं पटाशपुर, कांथी उत्तर, भगवानपुर, खेजुरी (एसी), कांथी दक्षिण, रामनगर, एगरा, दांतन, नयाग्राम (एसटी), गोपीबल्लभपुर, झाड़ग्राम, केशियारी (एसटी), खड़गपुर, गड़बेता, सालबनी, मेदिनीपुर, बिनपुर (एसटी), बांदवान (एसटी, बलरामपुर, बाघमुंडी, जयपुर, पुरुलिया, मानबाजार( एसटी), काशीपुर, पारा (एससी), रघुनाथपुर (एससी), सातलोता (एससी) छतना, रानीबांध (एसटी) और रायपुर। ये सीटें जंगलमहल इलाके की हैं।
