पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान कद्दावर उम्मीदवार उतारने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी है। बुधवार को दिल्ली में पार्टी की कोर कमेटी की बैठक होने वाली है जिसमें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा बंगाल भाजपा के प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय जैसे नेता इसमें शामिल होंगे।
बताया जा रहा है कि फिलहाल पहले और दूसरे चरण के लिए ही उम्मीदवारों की सूची पर मंथन होगा। इसके अलावा आगामी सात मार्च को कोलकाता के सबसे बड़े ब्रिगेड परेड मैदान में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेगा रैली को सफल बनाने की रणनीति पर भी वार्ता होनी है।
बंगाल भाजपा ने पश्चिम बंगाल की 60 विधानसभा सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों की एक सूची भेजी है। प्रत्येक सीट पर कम से कम चार से पांच उम्मीदवारों का नाम दिल्ली भेजा गया है। उनमें से किसे टिकट दिया जाएगा, इसकी अंतिम रूपरेखा तय करने के लिए बुधवार को बैठक हो रही है।
