पश्चिम बंगाल -विधानसभा चुनाव से पहले सांगठनिक फेरबदल की तैयारी में प्रदेश भाजपा

कोलकाता

कोलकाता। 2021 में पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य की सत्ता पर काबिज होने के मद्देनजर भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई जल्द ही बड़े सांगठनिक फेरबदल करने वाली है।

सूत्रों के अनुसार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने राज्य भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों को बदलने संबंधी एक चिट्ठी दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के पास भेजी है। इसमें सभी जिलों के अध्यक्षों को हटाकर उनकी जगह नए लोगों को नियुक्त करने को कहा गया है। दिल्ली की सहमति मिलने के बाद पार्टी पदाधिकारियों की नई सूची जल्द ही जारी की जाएगी।

2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी राज्य में 42 में से 18 सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य में अपनी जोरदार धमक दे चुकी है। अब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य भर में व्यापक प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क अभियान शुरू किया गया है ताकि 2021 के चुनाव में पार्टी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करा सके।

ऊंचे स्तर पर ऊर्जावान नेतृत्व की तलाश भी तेज

प्रदेश भाजपा के प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि विधानसभा चुनाव में कम से कम 250 सीट जीतने का लक्ष्य लेकर पार्टी आगे बढ़ रही है। इस बीच विभिन्न जिलों में कई पदाधिकारी ऐसे भी हैं जो बहुत अधिक सक्रिय नहीं हैं उन्हें हटाने और उनकी जगह के लिए ऊंचे स्तर पर ऊर्जावान नेतृत्व की तलाश भी तेज कर दी गई है।

महिला मोर्चा की अध्यक्ष के पद से लॉकेट चटर्जी को भी हटाया जा सकता है

प्रदेश भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी की महिला मोर्चा की अध्यक्ष के पद से लॉकेट चटर्जी को भी हटाया जा सकता है और युवा इकाई के अध्यक्ष के तौर पर देवजीत सरकार की भी छुट्टी होगी। इनकी जगह पर नए चेहरों को जगह दी जाएगी। दरअसल लॉकेट चटर्जी हुगली से सांसद बन गई हैं इसीलिए वह सांगठनिक तौर पर बहुत अधिक समय नहीं दे सकती।

कम से कम 12 जिलों के अध्यक्षों को बदला जाएगा। सचिव, महासचिव, उपाध्यक्ष के पद पर भी नए चेहरों को जगह मिलेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष और सांगठनिक महासचिव सुब्रत चटर्जी ने नए लोगों की सूची तैयार की है। इसे अनुमोदन के लिए दिल्ली भेजा गया है।

Share from here