पश्चिम बंगाल – मालदा में मिला युवती का जला हुआ शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

बंगाल

हैदराबाद में महिला पशु चिकित्सक से दुष्कर्म के बाद जलाकर मारने का गुस्सा लोगों में शांत भी नहीं हुआ था कि मालदा जिले में भी इसी तरह की वारदात सामने आई है। यहां गुरुवार को लगभग 20 साल की एक युवती का जला हुआ शव बरामद किया गया है। दुष्कर्म के बाद हत्या का अंदेशा जताया गया है।

मालदा जिला के पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल पर मीडिया से बातचीत में बताया कि नमूना संग्रह कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक प्रशांत देवनाथ ने गुरुवार रात बताया कि शव बुरी तरह झुलसा हुआ है। इस वजह से युवती की पहचान नहीं हो सकती। इंग्लिश बाजार थाना क्षेत्र के किसानों ने जला हुआ शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी थी। जिला पुलिस अधीक्षक आलोक राजोरिया ने घटनास्थल का दौरा किया है।

पुलिस उपाधीक्षक प्रशांत ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम मालदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस बात के संकेत मिले हैं कि युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया। मौके पर एक जोड़ी चप्पल और माचिस की तिल्लियां बरामद हुई हैं।

एक सप्ताह पहले ही एक पशु चिकित्सक को हैदराबाद में सामूहिक दुष्कर्म के बाद जलाकर मार दिया गया। इसके बाद इसी तरह की घटना बिहार के बक्सर और उत्तर प्रदेश के संभल से भी सामने आई है। गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक रेप पीड़ित को जमानत पर छूटे पांच लोगों ने सरेआम आग के हवाले कर दिया। अब दिल दहला देने वाली ऐसी वारदात पश्चिम बंगाल के मालदा से सामने आई है।

Share from here