अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (international yoga day) के अवसर पूरा विश्व योगमय हो गया। हर जगह पर योग शिविरों के आयोजन हुए और हजारो हजारों की संख्या में जगह जगह पर लोगों ने योग किया। तमाम बड़े नेताओं, फिल्म हस्तियों ने योगाभ्यास किया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एक कार्यक्रम मात्र नहीं, योग को जीवन का अंग बनाने का माध्यम है : राष्ट्रपति
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देशवासियों को बधाई दी।
रामनाथ कोविंद ने कहा कि वर्ष 2015 से राष्ट्रपति भवन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। मुझे खुशी है कि पिछले साल की तरह, इस वर्ष भी हम यहां योग दिवस मना रहे हैं। यह सिर्फ एक घटना नहीं है, यह योग को हमारे जीवन का अभिन्न अंग बनाने का एक तरीका है। राष्ट्रपति कोविंद ने लोगों से योग दिवस में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विश्वभर में योगाभ्यास करने वाले सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं।
प्रधानमंत्री के कंधे पर फिर लहराया असमिया स्वाभिमान का प्रतीक ‘गमछा’
गुवाहाटी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुक्रवार को किए गए योगासन के दौरान उनके कंधे पर एक बार फिर से लहराता दिखा असमिया स्वाभिमान का प्रतीक चिह्न ‘असमिया फूलाम गमछा’। शुक्रवार को प्रधानमंत्री के कंधे पर उस समय फिर से यह पूलाम गमछा लहराता दिखा, जब वे रांची में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में योगासन करने पहुंचे थे।
कोलकाता के राजपथ पर भाजपा का योग दिवस कार्यक्रम
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई ने महानगर के राजपथ रानी रासमणि एवेन्यू पर योग कार्यक्रम आयोजित किए। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल इकाई के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय महासचिव राहुल सिन्हा समेत अन्य शीर्ष नेता शामिल हुए हैं। शुक्रवार सुबह छह बजे यह योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भी हिस्सा लिया।
इधर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और मेदनीपुर से सांसद दिलीप घोष, सांसद खगेन मुर्म, कुनार हेमब्रम, ज्योतिर्मय सिंह महतो, लॉकेट चटर्जी समेत अन्य सांसदों ने संसद भवन में गांधी मूर्ति के पास योग किया।
यूपी में राज्यपाल राम नाईक व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया योगाभ्यास
पांचवें अन्तर-राष्ट्रीय योग दिवस की धूम राजधानी लखनऊ, वाराणसी, कानपुर,गोरखपुर मेरठ, आगरा समेत पूरे प्रदेश में शुक्रवार को सुबह से ही देखने को मिली।
राजधानी लखनऊ में राजभवन में राज्यपाल रामनाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, महापौर संयुक्ता भाटिया और अन्य मंत्रियों व वरिष्ठ अधिकारियों ने योग कर प्रदेशवासियों को निरोग रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि योग स्वास्थ्य के लिए सबसे पुराना विज्ञान है, जो तन मन को स्वस्थ रखता है। उन्होंने 21 जून को विश्व योग दिवस के रूप में संयुक्त राष्ट्र संघ से मान्यता प्रदान कराने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास को सराहा। इसके साथ ही उन्होंने योग से जुड़े अपने अनुभव भी बताए।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दी योग दिवस की शुभकामनाएं
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। शुक्रवार की सुबह मुख्यमंत्री ने इस बारे में ट्वीट किया।
मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा कि आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है। इस मौके पर मैं सभी लोगों को शुभकामनाएं दे रही हूं।