‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ की दिव्या भटनागर की कोरोना से मौत

मनोरंजन
Please Help Save Daughter Priyanka Kumari
कुछ दिनों से बीमार छोटे परदे की अभिनेत्री दिव्या भटनागर ने सोमवार को दुनिया को अलविदा कर दिया। कोरोना की चपेट में आने के बाद उन्हें गोरेगांव के एसआरवी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें निमोनिया भी था। 11 दिन के संघर्ष के बाद उन्होंने आखिरी सांस ली। उन्हें धारावाहिक ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में ‘गुलाबो’ की प्रभावी भूमिका के लिए जाना जाता है। 
अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने दिव्या भटनागर के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने इंस्टाग्राम में दिव्या भटनागर के साथ अपनी कई तस्वीरें अपलोड की हैं। उन्होंने लिखा है- ‘जब कोई किसी के साथ नहीं होता था तो बस तू ही होती थी। दिवु तू ही तो मेरी अपनी थी जिसे मैं डांट सकती थी, रूठ सकती थी, दिल की बात कह सकती थी। मुझे पता है, तुम्हारे लिए जिंदगी बहुत कठिन हो गई थी। असहनीय दर्द था। पर मुझे पता है, आज तुम बेहतर दुनिया में हो। सभी दुखों, दर्द, झूठ और धोखे से दूर। मैं तुम्हें हमेशा याद करूंगी दिवू और तू भी जानती थी कि मैं तुझसे प्यार करती हूं और तेरी फिक्र करती हूं। बड़ी तू थी, पर बच्ची भी तू थी। भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे। जहां भी है तू अभी बस खुश रह। तू हमेशा याद आएगी। मैं तुझसे बहुत प्यार करती हूं। बहुत जल्दी चली गई तू। ओम शांति।’ 
इसके अलावा ‘सिलसिला प्यार का ‘ में दिव्या के साथ काम कर चुकीं शिल्पा शिरोडकर ने सोशल मीडिया में अपना दर्द चस्पा किया है- ‘मेरा दिल टूट गया। रिप दिव्या।’ दिव्या ने पिछले साल दिसंबर में गगन से शादी की थी। ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ के अलावा दिव्या ने ‘उड़ान’, ‘जीत गई तो इया मोरे’ और ‘विष’ आदि धारावाहिकों में काम किया था। वह 34 साल की थीं। 
Share from here