पश्चिम बंगाल से सटी भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने 23 सोने के बिस्किट के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त सोने का वजन 2682.850 ग्राम है जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 1,37,89,849 रुपये है।
बीएसएफ ने शुक्रवार एक बयान में बताया गया कि 17 दिसम्बर को सीमा चौकी गुनारमठ पर 158वीं वाहिनी, सेक्टर कोलकाता के जवानों ने सोने की तस्करी की सूचना मिली थी। चौकस जवानों ने साइकिल से आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकना चाहा तो वह भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन जवानों ने पीछा करके हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान उसकी साइकिल के फ्रेम में छुपाकर रखे गए 23 सोने के बिस्कुट बरामद किए गए। पकड़े गए तस्कर की पहचान सुखदेव बिस्वास (40) के रूप में हुई है। बीएसएफ ने जब्त सोने के बिस्किटों और आरोपित को डीआरआइ यूनिट के हवाले कर दिया है।
पूछताछ के दौरान तस्कर सुखदेव बिस्वास ने बताया कि वह गुनारमठ का भारतीय नागरिक है। उसने बताया कि वह गौतम मंडल के कहने पर अप्रैल 2020 से वाहक के रूप मे सोने की तस्करी का कार्य कर रहा है, जिसके लिए उसे 300 रुपये प्रति बिस्कुट मिलता है। उसने बताया कि उसने बांग्लादेश के यशोर जिले के रहने वाले मोहिनूद्दीन से यह सोने का बिस्किट्स लिये थे और इन्हें रमेश नाम के व्यक्ति को बनगांव देने जा रहा था।
