कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बंगाल दौरे के दिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस से एक और विधायक ने इस्तीफा दे दिया है। उनका नाम बनासरी माइती है।
बनासरी माइती ने शुक्रवार को अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भेजा है, जिसमें पार्टी में काम करने का मौका देने के लिए आभार जताया गया है और बिना कोई कारण बताए त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया है।
पूर्वी मिदनापुर जिले की कांति उत्तर सीट से विधायक बनासरी ममता बनर्जी का साथ छोड़ चुके कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी माने जाते हैं। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह के बंगाल पहुंचने के पहले 48 घंटे में चार विधायकों सहित कई नेताओं ने ममता बनर्जी को अलविदा कह दिया है।
शनिवार को ही पूर्व मेदिनीपुर में अमित शाह की जनसभा है, जहां ये सारे नेता भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं। ममता का साथ छोड़ने वालों में सबसे बड़ा नाम है शुभेंदु अधिकारी का, जिनका प्रभाव 50 से अधिक सीटों पर बताया जाता है।
