पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार और राज्यपाल धनखड़ के बीच टकराव अक्सर सामने आते रहे हैं। अब टीएमसी ने राज्यपाल को हटाने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से संपर्क साध रही है। बुधवार को पार्टी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि टीएमसी ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पद से जगदीप धनखड़ को हटाने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का रुख किया है।
पार्टी ने आरोप लगाया कि धनखड़ सार्वजनिक रूप से राज्य के प्रशासन और सरकार के खिलाफ टिप्पणी कर संवैधानिक सीमाओं का उल्लंघन कर रहे हैं। हालांकि, बीजेपी का कहना है कि राज्यपाल संवैधानिक मापदंडों के तहत ही काम कर रहे हैं जबकि तृणमूल कांग्रेस भयभीत है।
तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य सुखेंदु शेखर रॉय ने कहा कि पार्टी सांसदों की टीम ने मंगलवार को राष्ट्रपति को पत्र भेजा जिसमें राज्यपाल धनखड़ द्वारा हाल में ऐसे कथित उल्लंघनों की सूची दी गई है और संविधान के अनुच्छेद-156 (1) के तहत कार्रवाई करने की मांग की गई है।
