sunlight news

मुख्यमंत्री के घर कमल खिलाने की तैयारी में भाजपा

बंगाल

पश्चिम बंगाल में आसन्न विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय के साले सेजल रॉय ने तृणमूल कांग्रेस का दामन थामा है। अब इसके जवाब में भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे कार्तिक बनर्जी को पार्टी में शामिल कराने की तैयारियां तेज कर दी हैं।

 

 

प्रदेश भाजपा सूत्रों ने बताया है कि कार्तिक पार्टी के संपर्क में हैं और बहुत जल्द उन्हें सदस्यता दी जाएगी।कार्तिक बनर्जी कई बार खुलेआम मंच से अपनी ही पार्टी के खिलाफ बगावती रुख दिखा चुके हैं। उन्होंने परिवारवाद की राजनीति की मुखालफत की थी और बंगाल के लोगों के लिए काम करने हेतु जरूरी कदम उठाने के संकेत भी दिए थे। कई मुद्दों पर केंद्र सरकार का पक्ष भी वह ले चुके हैं जिसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज थीं।

 

 

सूत्रों के अनुसार हावड़ा के डुमुरजुला स्टेडियम में गत 31 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा में वह शामिल हो सकते थे लेकिन चुकी शाह बंगाल नहीं आए, इसलिए उनका शामिल होना टल गया था। अब भाजपा सूत्रों ने बताया है कि जल्द ही उन्हें पार्टी की सदस्यता दी जाएगी और इसके लिए केंद्रीय नेताओं से बात की जा रही है।

 

 

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी की पार्टी के कई कद्दावर मंत्रियों, नेताओं और सांसदों ने सीएम का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है जिसकी वजह से चुनाव से पहले ममता बनर्जी लगातार कमजोर पड़ती जा रही हैं। 

Share from here