Income Tax विभाग आज लॉन्च करेगा नया पोर्टल, टैक्सपेयर्स को मिलेंगी ये खास सुविधाएं

देश

वित्त मंत्रालय सोमवार को यानी आज आयकर विभाग का नया पोर्टल www.incometax.gov.in लॉन्च करेगा। इससे टैक्सपेयर्स को आईटीआर भुगतान में आसानी होगी। साथ ही इसमें कई और आधुनिक सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। आयकर विभाग का कहना है कि नया पोर्टल अधिक यूजर फ्रेंडली है और इसमें कई नए फीचर जोड़े गए हैं।

विभाग का दावा है कि नई वेबसाइट अधिक यूजर फ्रेंडली होगी, जिससे आईटीआर फाइल करने में आसानी होगी और रिफंड भी जल्दी मिलेगा। सभी ट्रांजेक्शन, अपलोड और पेंडिंग एक्शन एक ही डैशबोर्ड पर दिखेंगे, ताकि यूजर उसे रिव्यू कर सकें और जरूरत के हिसाब से एक्शन ले सकें। यानी इससे आईटीआर फाइल करना, उसे रिव्यू करना और कोई एक्शन लेना आसान हो जाएगा।

 

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही स्थितियों के लिए आईटीआर के लिए तैयारी करने का सॉफ्टवेयर मुफ्त में उपलब्ध है। इसमें करदाताओं को असिस्ट करने की सुविधा भी होगी और प्री-फाइलिंग का विकल्प भी मिलेगा, ताकि कम से कम डेटा एंट्री करनी पड़े।

 

डेस्कटॉप पोर्टल की सभी जरूरी सुविधाएं मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध होंगी। नए पोर्टल में एक नया टैक्स पेमेंट सिस्टम लाया जाएगा, जिसमें भुगतान के कई विकल्प होंगे, जैसे नेट बैंकिंग, यूपीआई, आरटीजीएस, एनईएफटी आदि।

 

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के मुताबिक नया पोर्टल सोमवार से लाइव हो जाएगा। हालांकि इस पोर्टल पर नई कर भुगतान प्रणाली 18 जून से शुरू होगी। साथ ही बोर्ड ने कहा कि पोर्टल के साथ ही इसका ऐप भी जारी किया जाएगा।

 

सीबीडीटी ने कहा कि नई वेबसाइट का उद्देश्य करदाताओं को सुविधाजनक और आधुनिक तकनीक उपलब्ध करना है। इसमें टैक्सपेयर्स को आईटीआर 1, 4 (ऑनलाइन और ऑफलाइन) और आईटीआर 2 (ऑफलाइन) दाखिल करने में मदद करने के लिए FAQ के साथ एक मुफ्त आईटीआर तैयारी सॉफ्टवेयर भी होगा और आईटीआर 3, 5, 6, 7 की तैयारी की सुविधा होगी।

Share from here