कोलकाता। राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कई सांसद और नेता भाजपा में शामिल होना चाहते हैं और लगातार पार्टी नेताओं के साथ संपर्क बनाये हुए हैं। यह दावा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय ने सोमवार को किया है। उन्होंने कहा कि बीरभूम के बोलपुर से तृणमूल सांसद अनुपम हाजरा उनके घर पहुंच चुके हैं, लेकिन राज्य पुलिस द्वारा झूठे मामले में फंसाए जाने के डर से भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से कतरा रहे हैं।
भाजपा में शामिल होना चाहते हैं सांसद अनुपम हाजरा
सोमवार को कोलकाता में मुकुल रॉय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सांसद अनुपम हाजरा सोमवार सुबह उनके घर आए थे और भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की इच्छा भी जता रहे हैं, लेकिन उन्हें डर है कि राज्य पुलिस उन्हें झूठे मामले में फंसा देगी।
भाजपा सूत्रों के हवाले से यह भी बताया गया है कि कूचबिहार से तृणमूल के सांसद पार्थ प्रतिम रॉय भी भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले हैं। उन्होंने मुकुल रॉय से संपर्क साधा है। इसकी पुष्टि करते हुए मुकुल रॉय ने कहा कि पार्थ ने भी भाजपा में शामिल होने के लिए संपर्क किया है। उनसे बातचीत चल रही है।
उल्लेखनीय है कि जनवरी में बांकुड़ा के विष्णुपुर से सांसद सौमित्र खान ने भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस ने सौमित्र के साथ-साथ सोशल मीडिया पर पार्टी के खिलाफ मुखर रहने वाले सांसद अनुपम हाजरा को भी पार्टी से निष्कासित कर दिया। तभी से यह चर्चा लगातार चल रही है कि हाजरा भाजपा का दामन थाम सकते हैं।
इस बीच तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल होते ही सौमित्र खान के खिलाफ राज्य पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुकुल राय के अनुसार, इसी तरह से कहीं अनुपम हाजरा के खिलाफ भी किसी तरह का कोई मामला दर्ज न हो जाए, इसलिए वह भाजपा में नहीं आ रहे हैं।
