कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने एक बार फिर भाजपा पर कटाक्ष किया है। उन्होंने दावा किया है कि साल 2014 से लेकर 2019 तक भाजपा ने देश के विकास अथवा लोगों के हित के लिए ऐसा कुछ भी नहीं किया जिसके बल पर वह दोबारा लोगों से वोट मांग सके। इसीलिए सेना के पीछे छिपकर चुनाव जीतना चाहती है।
तृणमूल ने नहीं उठाया सेना की कार्रवाई पर सवाल
डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने सेना की कार्रवाई अथवा शौर्य पर सवाल नहीं उठाया है बल्कि भाजपा नेताओं की राजनीति को लेकर सवाल उठाए हैं। ब्रायन ने कहा कि अमित शाह कहते हैं कि वायु सेना की कार्यवाही में 250 लोग मारे गए। योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि 400 लोग मारे गए और केंद्र सरकार के मंत्री एस.एस. आहलूवालिया कहते हैं कि वायुसेना की कार्रवाई में कोई नहीं मरा।
इससे देश भर में एक भ्रम की स्थिति बनी है और तृणमूल कांग्रेस ने केवल वह जरिया जानना चाहा है जिसके बल पर आतंकियों के मारे जाने की संख्या का दावा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शहीदों की तस्वीरें अपने चुनावी मंच पर लगा दिया। क्या इस तरह से किसी ने कभी कोई राजनीति की है? शहादत का अपमान और सेना के पीछे छिपकर राजनीति केवल भाजपा करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि अपनी पार्टी का झंडा सेना पर भी लगा दे, लेकिन तृणमूल कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस बार लोकसभा चुनाव में सत्ता में लौटने वाली नहीं है, यह भलीभांति जानती है। इसीलिए आतंकियों की मौत का आंकड़ा बढ़ा या घटाकर अपना चुनावी गणित सेट कर रही है। उल्लेखनीय है कि सोमवार भी डेरेक ने भाजपा पर हमला बोला था और कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ओछी राजनीति कर रहे हैं। इसके पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वायुसेना की कार्रवाई का सबूत भी मांगा था।
