कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा बंगाली अभिनेत्री-जोड़ी मीमी चक्रवर्ती और नुसरत जहां को लोकसभा उम्मीदवार बनाये जाने के बाद सोशल मीडिया में चर्चा जोरों पर है। मिमी चक्रवर्ती को कोलकाता के जादवपुर से उम्मीदवार बनाया गया है जबकि नुसरत जहां को बशीरहाट से। इन दोनों अभिनेत्रियों को लेकर चुटकुले – टिप्पणियों और उनसे जुड़े अन्य पोस्ट फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्सएप पर लगातार ट्रेंड कर रहे हैं। दोनों अभिनेत्रियों को कुछ कथित बुद्धिजीवियों द्वारा ट्रोल भी किया गया है ।
गत मंगलवार को इनके नाम की घोषणा के कुछ समय बाद नुुुुसरत ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक ट्वीट री-ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा था कि वह “खुश और गर्वित” हैं कि टीएमसी की 41 प्रतिशत उम्मीदवार महिलाएं हैं।
अभिनेत्री के इस विशेष ट्वीट को 2,000 से अधिक लोगों द्वारा पसंद किया गया है और 400 से अधिक बार री-ट्वीट किया गया है, कई ने उन्हें बधाई दी और “नई पारी” के लिए गुड लक कहा।
कई लोगों ने मिमी चक्रवर्ती को भी बधाई दी है और कुछ ने पहले ही घोषणा कर दी है कि उन्हें “वोट” मिलेगा। लेकिन कुछ अन्य लोग भी हैं जिन्होंने सुझाव दिया है कि उन्हें अच्छी अभिनेत्री बनने के लिए राजनीति से दूर रहना चाहिए। हालांकि कुछ बुद्धिजीवियों को ममता बनर्जी की की यह पसंद, पसंद नहीं आ रही है।
राजनीतिक तौर पर जादवपुर सीट से मिमी चक्रवर्ती की उम्मीदवारी को इस क्षेत्र का “अपमान” करार देते हुए, सोशल साइट पर कुछ लोगों ने लिखा है कि यह पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी जैसे राजनीतिक दिग्गजों का अपमान है, जिन्होंने कई बार वहां से चुनाव लड़ा है।
दोनों अभिनेत्रियों के राजनीति में प्रवेश को लेकर मजाकिया संदेशों से व्हाट्सएप ग्रुप भी भर गए हैं। हालांकि बंगाली अभिनेता रुद्रनील चक्रवर्ती, जो तृणमूल कांग्रेस के करीबी हैं, दोनोंअभिनेत्रियों के बचाव में सामने आए, उन्होंने दावा किया कि मनोरंजन उद्योग से राजनीति में शामिल होना दुनिया भर में बहुत आम बात है।
