कोलकाता। कोलकाता पुलिस की खुफिया विभाग की ओर से चुनाव पूर्व हवाला कारोबारियों के खिलाफ चलाए गए अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। कोलकाता पुलिस की टीम ने बड़ाबाजार थाना इलाके के 193/2 एमजी रोड से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 30 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है।
कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) प्रवीण त्रिपाठी के अनुसार आरोपित का नाम सुनील शर्मा (46) है। वह बागुईहाटी थाना क्षेत्र के केस्टोपुर स्थित हानापाड़ा रविंद्र पल्ली का रहने वाला है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ाबाजार इलाके में गैरकानूनी तरीके से भारी मात्रा में नकदी की हेरफेर होनी है। इसके बाद पुलिस की एक टीम सादे कपड़ों में एमजी रोड जा पहुंची और आरोपित को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास 30 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले नौ मार्च को धर्मतल्ला के न्यू मार्केट इलाके से पुलिस ने कोलकाता के तालतला थाना अंतर्गत चार नंबर वाइलिवुल्ला लेन निवासी मोहम्मद वसीम खान (26) को न्यू मार्केट थाना इलाके के सदर स्ट्रीट से गिरफ्तार कर उसके पास से 87 लाख 50 रजार रुपये बरामद किए थे।
दरअसल चुनाव से पहले कोलकाता पुलिस ने हवाला कारोबारियों के खिलाफ एक विशेष अभियान चला रखा है। इसके लिए पुलिस ने एक व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया है, जिसके जरिए कोई भी व्यक्ति ऐसे लोगों के बारे में पुलिस को जानकारी दे सकता है।
