sunlight news

भाजपा का दामन थाम सकते हैं तृणमूल के तीन और विधायक

बंगाल

कोलकाता। भाटपाड़ा से तृणमूल विधायक अर्जुन सिंह के भारतीय जनता पार्टी में जाने के बाद तृणमूल कांग्रेस के तीन और विधायकों के भाजपा में जाने के आसार हैं।

गुरुवार दोपहर प्रदेश भाजपा के एक उच्च पदस्थ सूत्र ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसमें सबसे पहला नाम उत्तर 24 परगना कें नोआपाड़ा से विधायक सुनील सिंह का है। वह अर्जुन सिंह के रिश्तेदार हैं और अर्जुन के भाजपा में जाने के बाद उनका तृणमूल में रहने का कोई इरादा नहीं है।

इसी तरह से बाघमुंडी से दलित विधायक नेपाल महतो और पुरुलिया से विधायक सुदीप मुखर्जी भी भाजपा का दामन थाम सकते हैं। खबर है कि ये दोनों शुक्रवार को दिल्ली में प्रदेश भाजपा और केंद्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामेंगे।

पार्टी सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि ये तीनों विधायक गुरुवार रात दिल्ली के लिए फ्लाइट पकड़ेंगे और शुक्रवार को भाजपा के खेमे में नाम लिखा सकते हैं। ये तीनों अर्जुन सिंह के बेहद करीबी हैं और अर्जुन के भाजपा में जाने की चर्चा के बीच इनके भी भाजपा में जाने की चर्चा चल रही थी।

अब अगर ये भी तृणमूल छोड़कर भगवा ब्रिगेड में शामिल होते हैं तो इन क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी को और अधिक मजबूती हासिल होगी।

Share from here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *