कोलकाता। होली पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सरकारी कर्मचारियों को दो दिनों की छुट्टी का तोहफा दिया है। राज्य सचिवालय में मंत्रिमंडल और अधिकारियों के साथ विशेष बैठक करने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस बार 21 मार्च को बांग्ला भाषियों की और 22 को हिंदी भाषियों की होली है। इसलिए इन दोनों दिनों तक छुट्टी रहेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य भर में लोगों को विभिन्न सरकारी सुविधाओं का पाना सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने मुख्य सचिव मलय दे को विशेष निर्देश दिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि सभी जिलों के प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मुख्य सचिव बैठक करेंगे और रूपश्री, स्वास्थ्य साथी, कृषकबंधु जैसी परियोजनाओं को आम लोगों के लिए सरल करने का निर्देश देंगे।
इसके अलावा रविवार को राज्य भर में हुई भारी बारिश और वज्रपात की वजह से दो लोगों के निधन पर भी मुख्यमंत्री ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं की वजह से किसी का भी मारा जाना दुःखद है। राज्य सरकार उन्हें आवश्यक मदद देगी।
