sunlight news

सरकार बनने पर महिला मुखिया के खाते में आएगा 72 हजार : प्रियंका

उत्तर प्रदेश

फतेहपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को फतेहपुर सीट से उम्मीदवार राकेश सचान के पक्ष में प्रचार करने पहुंची। औंग गांव के एक गेस्ट हाउस में महिलाओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार को चलाने के लिए कई तरह की यातनाएं झेलती हैं। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही न्याय योजना के तहत हर गरीब परिवार को 72 हजार रुपये सालाना दिया जाएगा। यह धनराशि महिला मुखिया के खाते में सीधे भेजी जाएगी।

प्रियंका गांधी ने संवाद के दौरान महिलाओं से उनकी समस्याएं भी जानी। आंगनबाड़ी की महिला कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि हमें कुपोषण मिटाने के लिए नियुक्त किया गया था लेकिन भाजपा के शासन में मानदेय न मिलने से हम खुद कुपोषित हो गए हैं। इस दौरान कृषक महिलाओं ने भी अपनी आवाज बुलंद की। महिलाओं ने कहा कि आवारा पशुओं की वजह से उनकी फसलें नष्ट हो रही हैं। दिन रात निगरानी के बावजूद समस्या का हल नहीं निकल पा रहा। इस पर प्रियंका ने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार बनती है तो आवारा पशुओं के नियंत्रण के लिए भी एक कारगर योजना बनाई जाएगी।
प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए 33 फीसदी आरक्षण देगी। हमारी सरकार आई तो प्राथमिकता के तौर पर महिला आरक्षण बिल संसद में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की रसोई महंगी हो गई है और किसानों की फसल की लागत बढ़ गई है। इसके बावजूद भाजपा सरकार कह रही है कि हमने पांच साल में देश के गरीबों के लिए बहुत कुछ किया है।

Share from here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *