breaking news

अग्निपथ योजना के खिलाफ आज बिहार बंद, जहानाबाद में उपद्रवियों ने ट्रक व बस में लगाई आग

बिहार

सेना की नई अग्निपथ योजना के खिलाफ बिहार के छात्र-युवा संगठन आईसा-इनौस, रोजगार संघर्ष संयुक्त मोर्चा और सेना भर्ती जवान मोर्चा ने शनिवार को बिहार बंद का ऐलान किया है।

बिहार बंद का असर जहानाबाद में शुरू हो गया है। टेहटा में शरारती तत्वों ने थाने के सामने खड़ी बस में आग लगा दी है। एक ट्रक में भी आग लगाई है। पथराव किया है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी दीपक रंजन और डीएम रिची पांडेय घटनास्थल पर पहुंचे हैं। प्रदर्शनकारियों ने थाने के समीप भी पथराव किया है।

बिहार शरीफ रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। बिहार बंद को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है। डीएसपी ने बताया कि हर चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। राजगीर से पटना जाने के लिए सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

वहीं दूसरी ओर गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव ने उपद्रवियों से सख्ती से निपटने के आदेश दिए हैं। इस बीच राज्य के 15 जिलों में अगले 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। इसके तहत सोशल नेटवर्किंग साइट पर पाबंदी लगा दी गई है। साथ ही उपद्रव के दौरान 325 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 70 केस दर्ज किए गए हैं।

Share from here