राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद 76 वर्षीय मदन लाल सैनी का सोमवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
सैनी को फेफड़ों में संक्रमण के चलते शुक्रवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले वह राजस्थान के मालवीय नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती थे।
उप राष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने ट्वीट कर कहा कि मदन लाल सैनी के आकस्मिक निधन से उन्हें दुख पहुंचा है। राजस्थान में एक सांसद, विधायक और राज्य में भाजपा अध्यक्ष के रूप में एक व्यापक सार्वजनिक जीवन में उन्होंने गौरव के साथ देशसेवा की।
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा में उनके साथी मदनलाल सैनी के निधन की सूचना से वह स्तब्ध हैं। यह भारतीय जनता पार्टी परिवार के लिए अपूर्णीय क्षति है। मदनलाल सैनी ने अपना समस्त जीवन समाज की सेवा में अर्पण कर दिया। ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को शान्ति प्रदान करे।
