sunlight news

राजस्थान – तब्लीगी जमात के सम्पर्क में आने वाले 538 लोग चिन्हित

राजस्थान

जयपुर। पुलिस ने दिल्ली के निजामुदीन स्थित तब्लीग जमात सेन्टर (मरकज) में शामिल होकर राजस्थान के 13 जिलों में पहुंचे करीब 538 लोगों को चिन्हित किया है। इनमें देश के अन्य राज्यों के अलावा पांच विदेशी नागरिक शामिल हैं।

दिल्ली में कई लोगों में कोरोना संक्रमण पाए जाने पर राज्य में आये तब्लीग जमात के सदस्यों और पिछले दिनों मरकज और उसके निकटवर्ती क्षेत्र में जाकर आये व्यक्तियों की जानकारी भी पुलिस ने एकत्रित की है।

पुलिस महानिदेशक भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि अब तक अन्य राज्यों के करीब 350 और राजस्थान के विभिन्न जिलों के 183 व 5 विदेशी (नेपाल) नागरिकों का राज्य के 13 जिलों में आने की जानकारी मिली है। इनमें झुन्झुनू, बीकानेर, दौसा,अलवर, टोंक,श्रीगंगानगर, भरतपुर, करौली, जोधपुर शहर, बाड़मेर, हनुमानगढ़, चुरु व जयपुर शहर शामिल है।

संभव है कि अन्य राज्यों से आने वाले तब्लीगी सदस्य दिल्ली के मरकज के सम्पर्क में आये हों। अतः सावधानी बरतते हुए इन लोगों की स्क्रीनिंग कर मेडिकल आईसोलेशन एवं क्वारंटाइन की कार्रवाई के लिए सम्बन्धित जिला मजिस्ट्रेट व जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया जा चुका है।

Share from here