Katwa – पूर्व बर्धमान के कटवा स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन के डिब्बे में आग लग गई, जिससे वहां हड़कंप मच गया।
Katwa
घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की है। बर्धमान-कटवा लोकल, कटवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंची, तभी ट्रेन के वेंडर डिब्बे में आग दिखाई दी।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन बर्धमान स्टेशन से लगभग 8:30 बजे रवाना हुई थी और रात 10:00 बजे कटवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म 6 पर पहुंची।
जैसे ही यात्री ट्रेन से उतरने लगे, वेंडर डिब्बे में आग का पता चला, जिससे हड़कंप मच गया। देखते ही देखते डिब्बे के अंदर लगी लकड़ी की सीटें आग की लपटों में घिर गईं।
गनीमत रही कि उस समय उस डिब्बे में कोई यात्री नहीं था, इसलिए कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। रेलवे पुलिस और अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।
बताया जा रहा है कि आग को पूरी तरह बुझाने में करीब 30 मिनट का समय लगा। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और रेलवे अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं।
