कोलकाता। उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में मौत के घाट उतारे गए भाजपा नेता मनीष शुक्ला के घर सोमवार को भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय, अर्जुन सिंह और मुकुल रॉय पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिवार को हर संभव मदद करने का भरोसा दिया है। वहीं भाजपा ने इस मामले को लेकर राज्य के बैरकपुर में 12 घंटे का बंद बुलाया है। जगह जगह पर भाजपा के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। दुकानें बंद हैं।
भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने कहा कि मनीष शुक्ला को जीवन का खतरा था, फिर भी उनका लाइसेंस हथियार जब्त कर लिया गया था। सुनियोजित तरीके से पुलिस और ममता बनर्जी की शह पर ये काम हुआ है। वहीं, पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा ने कहा है कि बैरकपुर में लॉ एंड आर्डर की कोई समस्या नहीं है। पूरी तरह नियंत्रण में है। पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक कैलाश विजयवर्गीय ने मनीष शुक्ला की हत्या मामले में सीबीआई जांच की मांग की है।
उन्होंने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण की नीतियों का अनुसरण करने का आरोप लगाया।
